28 अप्रैल 2019 - 13:20
ट्रम्प ने सुनाया सऊदी किंग से अपनी बातचीत का दिलचस्प क़िस्सा... सऊदी समर्थक और विरोधी ज़रूर पढ़ें

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने विस्कॉन्सिन में अपने समर्थकों की एक भीड़ को संबोधित करते हुए एक बार फिर सऊदी अरब के किंग का अपमान किया है।

ट्रम्प ने किंग सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ का अपमान करते हुए कहा कि सऊदी अरब के पास पैसे के अलावा कुछ नहीं है।

ग़ौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प और दूसरे अधिकारी सऊदी अरब को दुधारू गाय बताकर इस अरब देश का अपमान कर चुके हैं।

हालांकि सऊदी अधिकारियों ने अमरीकी अधिकारियों के इस अपमानजनक रवैये पर हमेशा ही चुप्पी साधे रखी है और कभी कोई कड़ी प्रतिक्रिया नहीं जताई है।

रविवार को ट्रम्प ने विस्कॉन्सिन में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए किंग सलमान से अपनी बातचीत का एक क़िस्सा भी सुनाया।

ट्रम्प ने सऊदी अरब की ओर संकेत करते हुए कहा, कुछ ऐसे देश हैं, जो बहुत अमीर हैं, क्या आप को पता है कि सिर्फ़ एक टेलीफ़ोन काल से हमने उनसे 50 करोड़ डॉलर निकलवा लिए थे।

उसके बाद हमने सऊदी अरब जैसे कई देशों के साथ यही रणनीति अपनाई, सऊदी अरब के पास बहुत पैसा है। हम इन देशों को सुरक्षा प्रदान करते हैं, हम सऊदी अरब की मदद करते हैं, लेकिन उनके पास पैसे के अलावा कुछ नहीं है।

ट्रम्प ने आगे कहा, वे हमसे काफ़ी कुछ ख़रीदते हैं, उन्होंने हमसे 450 अरब डॉलर की (हथियार) ख़रीदारी की। हालांकि अमरीका में ऐसे लोग भी हैं, जो सऊदी अरब से दोस्ती के विरोधी हैं, लेकिन उन्होंने हमें 450 अरब डॉलर दिए हैं, मैं नहीं चाहता हूं कि यह धन हमारे हाथ से निकल जाए।

अमरीकी राष्ट्रपति का कहना था कि मैंने किंग सलमान को टेलीफ़ोन काल की और उनसे कहा, हम आपकी सुरक्षा के लिए काफ़ी कुछ नुक़सान झेल रहे हैं, जबकि आप बहुत धनी राजा हैं, उन्होंने मुझसे कहा, आप यह कैसी बातें कर रहे हैं, अभी तक किसी ने मुझसे इस तरह से बात नहीं की है। मैंने उनसे कहा, क्योंकि वे सब मूर्ख थे।